खतौली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 26 शिकायतों में से 3 का मौके पर निस्तारण

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में खतौली तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने जमीन, राजस्व, पुलिस, विकास तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।अधिकारियों ने विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। इसके साथ ही समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी और शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूक भी किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से बचना चाहिए। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी खतौली और तहसीलदार खतौली को निर्देशित किया कि कोई भी वाद अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा धारा-34 के अंतर्गत लंबित मामलों को भी जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खतौली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार खतौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts