मुजफ्फरनगर के खंड विकास कार्यालय चरथावल में उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर ने की। कार्यक्रम में विकास खंड चरथावल के विभिन्न ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना और उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना था।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, एडीओ (आरडी) कमल कुमार तथा एडीओ पंचायत सोमदत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ग्रामीण विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, महिला कल्याण और समाज कल्याण जैसे क्षेत्रों में लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है,
जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 5 शौचालय लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही अपने कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 सफाई कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गांवों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।कार्यक्रम स्थल पर कृषि, कृषि रक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, सहकारिता, महिला कल्याण, समाज कल्याण, पंचायत विभाग तथा एनआरएलएम विभाग द्वारा विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने भी स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से अपनी समस्याओं व जिज्ञासाओं पर चर्चा की।कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने ग्राम प्रधानों और अधिकारियों से अपील की कि वे मिलकर ग्रामीण विकास के कार्यों को आगे बढ़ाएं और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।















