मुजफ्फरनगर जनपद की तहसील बुढ़ाना के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा अपर आयुक्त प्रशासन सहारनपुर मंडल भानु प्रताप यादव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं की सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, जिला पूर्ति, मुख्य पशु चिकित्सा, जल निगम ग्रामीण, जिला प्रोबेशन, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु संदर्भित किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संबंधित विभागों के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर करें। यदि किसी शिकायत का समाधान संभव न हो तो शिकायतकर्ता को उसके कारणों से अवगत कराया जाए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित शिकायतों का संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की चेतावनी दी। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में निर्देश दिए कि उन्हें अपलोड करने से पहले भली-भांति पढ़ा जाए और तथ्यों की जांच के बाद ही ऑनलाइन प्रविष्टि की जाए, ताकि अनावश्यक त्रुटियों से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि निस्तारण के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए तथा मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाए। साथ ही समाधान प्रक्रिया का फोटो साक्ष्य भी सुरक्षित किया जाए, जिससे कार्यवाही की पुष्टि हो सके। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना कृष्णकांत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना, जिला चकबंदी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जवाबदेही सुनिश्चित करने का संदेश दिया।















