मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा भोपा रोड बाईपास क्रॉसिंग क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 224 भवनों में से लॉटरी दिनांक 11 मार्च 2024 में आवंटित 209 भवनों के लाभार्थियों को प्राधिकरण कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विधिवत चाबियां वितरित की गईं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के नेतृत्व में किया गया। समारोह में प्राधिकरण के सचिव, बोर्ड के नामित सदस्य शरद शर्मा और गजे सिंह तथा उद्योगपति कुशपुरी सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
चाबी वितरण के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर अपने पक्के घर का सपना साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराना है, जिससे हर परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पारदर्शी लॉटरी प्रणाली अपनाई गई, जिसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी अपने परिवारों के साथ पहुंचे और उन्हें विधिवत चाबी एवं आवास से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। अधिकारियों ने लाभार्थियों से अपील की कि वे समय पर किस्तों का भुगतान करते हुए आवास का समुचित उपयोग करें तथा परिसर की स्वच्छता और रखरखाव में सहयोग दें। मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न यह समारोह जिले में आवासीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे सैकड़ों परिवारों को स्थायी आवास की सुविधा मिली है।















