मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2025 के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 परिवारों को 75 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुजफ्फरनगर स्थित विकास भवन सभागार में किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, तहसीलदार सदर राधेश्याम गोड़ सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थी मौजूद रहे।
लाइव प्रसारण के दौरान उपस्थित किसानों और अधिकारियों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों को सराहा। कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत तहसील सदर, खतौली, जानसठ और बुढ़ाना के पात्र लाभार्थियों को सांकेतिक चेक वितरित किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत भी चयनित लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और अन्य कारणों से फसल नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य कर रही है। वहीं कृषक दुर्घटना कल्याण योजना आकस्मिक घटनाओं में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती है। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने कहा कि समय पर मिली यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और तत्परता के साथ पहुंचाया जाएगा।















