मुजफ्फरनगर में संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से एक जुलाई से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। यह अभियान पूरे जनपद में 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, डायरिया समेत विभिन्न संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। अभियान के दौरान घर-घर संपर्क कर लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच और उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बरसात के मौसम में संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है।
मुजफ्फरनगर: मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक,
उन्होंने बताया कि संक्रमित मच्छरों, दूषित पानी, गंदगी और अस्वच्छ वातावरण के कारण कई गंभीर बीमारियां फैलती हैं, जिन पर नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करने की अपील की। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच और जागरूकता गतिविधियां व्यापक स्तर पर संचालित की जाएंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग विभिन्न माध्यमों से लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी भी देगा ताकि संक्रमण के मामलों में कमी लाई जा सके। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, डॉ. अजय शाही, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम, लायंस क्लब से रीना अग्रवाल तथा पी.एस.आई. इंडिया से भारती रावत और शोभित सक्सैना सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और संचारी रोगों से बचाव के लिए बताए गए सभी उपायों का पालन करें।















