मुख्यमंत्री योगी का सहारनपुर दौरा आज, 381 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सहारनपुर दौरे पर रहेंगे। यह दौरा प्रशासनिक, विकासात्मक और धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का आगमन सुबह 10:30 बजे सरसावा एयरपोर्ट पर होगा, जहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुलिस लाइन और फिर सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में उनका दिनभर का कार्यक्रम निर्धारित है, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठकें और विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लोक निर्माण विभाग, पर्यटन और नगर विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद 12:30 से 1:30 बजे तक मंडलीय अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर बैठक करेंगे। इन बैठकों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों के जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री गोगामाड़ी, मानकमऊ स्थित तीर्थ स्थल पहुंचेंगे, जहां जहारवीर गोगामाड़ी परिसर में “मान सरोवर” का लोकार्पण किया जाएगा। वे वहां पूजा-अर्चना करेंगे और वृक्षारोपण भी करेंगे।

दोपहर 2:40 बजे मुख्यमंत्री जनमंच कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, जहां वे स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत कुल 381 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई 15 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे नगरीय सुविधाओं में सुधार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री का सहारनपुर दौरा जनमंच कार्यक्रम के समापन के साथ पूरा होगा। शाम 3:55 बजे वे हेलीकॉप्टर से मेरठ के लिए रवाना होंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है और अधिकारियों द्वारा निगरानी भी लगातार की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts