बुढाना पुलिस का बड़ा खुलासा: अन्तर्राज्यीय वाहन चोरी गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर। बुढाना थाना पुलिस ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय वाहन चोरी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए गाड़ियों की खरीद-फरोख्त करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन फॉरच्यूनर गाड़ियां भी बरामद की हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बुढाना सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार बुढाना थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि पिछले कुछ दिनों से एक अन्तर्राज्यीय गैंग सक्रिय है, जो चोरी और फाइनेंस पर ली गई गाड़ियों को खरीदकर उनके इंजन और चेसिस नंबर में हेरफेर करता है। इसके बाद फर्जी तरीके से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर इन गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर बेचने का कार्य किया जाता है। सूचना में यह भी बताया गया कि गैंग के सदस्य बुढाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना मार्ग पर स्थित एक खंडहर में कई गाड़ियों को इकट्ठा कर संभावित खरीदारों को बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना बुढाना पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन फॉरच्यूनर गाड़ियां बरामद हुईं, जिनके इंजन और चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग विभिन्न राज्यों से चोरी या फाइनेंस विवाद वाली गाड़ियों को खरीदकर उनके नंबर बदल देता था और फर्जी कागजात बनाकर उन्हें ऊंची कीमत पर बेच देता था।

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही बरामद गाड़ियों के असली मालिकों और उनके रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। थाना बुढाना पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts