मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित जनसभा और अहिल्याबाई होल्कर स्मारक के अनावरण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक रणनीति तैयार करते हुए जनसंपर्क अभियान को तेज करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने नई मंडी पटेल नगर स्थित नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के आवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, नगरपालिका परिषद के भाजपा सभासदों और संगठन से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मुजफ्फरनगर आगमन, अहिल्याबाई होल्कर स्मारक के अनावरण और विशाल जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप देना रहा। इस दौरान कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क अभियान, भीड़ जुटाने की रणनीति और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कपिल देव अग्रवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह जनसभा अभूतपूर्व जनसैलाब के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, घर-घर जनसंपर्क करने और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल एक जनसभा नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास, समर्थन और विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सशक्त अभिव्यक्ति है, जो प्रदेश सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर का प्रतीक बनेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अहिल्याबाई होल्कर स्मारक का अनावरण मुजफ्फरनगर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और सभासदों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि यह कार्यक्रम संगठन की ताकत और जनता के भरोसे का प्रतीक बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 13 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में भारी जनसमूह की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
इस अवसर पर युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, देवेश कौशिक, योगेश मित्तल, प्रशांत कुमार, रजत धीमान, प्रशांत गौतम, नवनीत गुप्ता, रविकांत शर्मा, ममता बालियान, रितु त्यागी, बॉबी सिंह, विजय कुमार चिंटू, सतीश कुकरेजा, मोहित मलिक, अमित पाल, अमित गोयल बॉबी, अभिजीत गम्भीर, अनुज कुमार, कपिल पाल, शोभित गुप्ता, ललित कुमार, सुन्दर सिंह, सलेक चंद, राहुल पंवार और आशुतोष गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।















