बुढाना थाना हुआ हाईटेक, एडीजी भानु भास्कर ने किया लोकार्पण.

मुजफ्फरनगर जनपद के बुढाना थाना परिसर में नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता की।थाना बुढाना में कराए गए इस व्यापक नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य के तहत परिसर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जनोन्मुखी स्वरूप प्रदान किया गया है।

 

पुलिसकर्मियों के रहने और कार्य करने की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए बैरकों का विशेष रूप से सौन्दर्यीकरण किया गया है, जिससे उन्हें स्वच्छ, हवादार और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। इसके साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इनमें महिलाओं और बच्चों के लिए वात्सल्य कक्ष की स्थापना की गई है, जिससे उन्हें थाना परिसर में सुरक्षित और अनुकूल माहौल मिल सके।इसके अतिरिक्त मालखाना की स्थापना के माध्यम से जब्त किए गए सामान की डिजिटल निगरानी सुनिश्चित की गई है, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी। मिशन शक्ति केन्द्र के जरिए महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि विवेचना कक्ष में जांच कार्यों को गोपनीय और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। थाना परिसर में सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो आसपास के क्षेत्रों की निगरानी को मजबूत करेगा। साथ ही कम्प्यूटर कक्ष की व्यवस्था से डिजिटल कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान एडीजी भानु भास्कर ने थाना परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाएगा और आमजन में सुरक्षा विश्वास की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि थाना परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रत्येक आने वाले व्यक्ति के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के सभी थानों को आधुनिक और जनहितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग करते हुए अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करें।इस अवसर पर एडीजी द्वारा ग्राम प्रहरियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, सतर्कता और पुलिस को दिए जा रहे सहयोग के लिए सम्मानित भी किया गया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय और सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts