किसानों की अनुदानित यूरिया की कालाबाजारी का भंडाफोड़,

मुजफ्फरनगर। जनपद में किसानों के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली अनुदानित यूरिया की कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महादिक अक्षय संजय, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में थाना जानसठ पुलिस एवं एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 454 कट्टे अनुदानित यूरिया बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार रात्रि के समय थाना जानसठ पुलिस कवाल पुल के नीचे चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एसओजी देहात टीम ने सूचना दी कि एक सफेद रंग की औरा कार में सवार दो व्यक्ति उनके पीछे आ रही तीन अन्य गाड़ियों को रास्ते की स्थिति और पुलिस गतिविधियों की जानकारी दे रहे हैं। इन गाड़ियों में किसानों के लिए निर्धारित अनुदानित यूरिया कालाबाजारी के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया को मौके पर बुलाया गया और पुलिस टीम ने कवाल पुल से पहले जानसठ की ओर हाईवे पर बैरियर लगाकर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद पुलिस को एक सफेद औरा कार दिखाई दी, जिसके पीछे एक कैंटर और दो पिकअप वाहन चल रहे थे। पुलिस ने चारों वाहनों को रोककर एक साथ दबिश दी और उनमें सवार पांच व्यक्तियों को मौके से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान औरा कार से चार कट्टे, कैंटर से 350 कट्टे तथा दोनों पिकअप वाहनों से 100 कट्टे अनुदानित यूरिया बरामद हुई। इस प्रकार कुल 454 कट्टे यूरिया पुलिस के कब्जे में ली गई।गिरफ्तार व्यक्तियों ने यूरिया के परिवहन से संबंधित तीन बिल पुलिस को दिखाए, लेकिन जिला कृषि अधिकारी द्वारा दस्तावेजों की जांच करने पर सभी बिल फर्जी पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसानों के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली यूरिया को अवैध रूप से दूसरे स्थानों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts