टीबी के खिलाफ जनआंदोलन को मजबूती, औद्योगिक इकाइयों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ.

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान को जनपद में और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर की अध्यक्षता में 65 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता तथा क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गितेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान में जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा औद्योगिक इकाइयों को टीबी मरीजों की सहायता के लिए प्रेरित करना था।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने उद्योग प्रतिनिधियों को बताया कि टीबी केवल एक स्वास्थ्य संबंधी चुनौती नहीं है, बल्कि इसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘निक्षय मित्र’ बनकर उद्योग, सामाजिक संगठन, संस्थाएं एवं अन्य नागरिक टीबी मरीजों को गोद ले सकते हैं और उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध करा सकते हैं। यह सहायता मरीजों के उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य सुधार और रोग से लड़ने की क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर ने कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है जब प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग जगत और समाज मिलकर कार्य करें। उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें नियमित रूप से पोषण पोटली उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्गों की भागीदारी से मरीजों को न केवल पोषण सहायता मिलेगी बल्कि उन्हें मानसिक संबल भी प्राप्त होगा।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने उद्योग प्रतिनिधियों को निक्षय मित्र योजना, पोषण पोटली वितरण और मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गितेश चंद ने अभियान को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए औद्योगिक इकाइयों से भी इस सामाजिक पहल में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। बैठक के अंत में सभी उद्योग प्रतिनिधियों ने टीबी मरीजों के लिए शीघ्र पोषण पोटलियां उपलब्ध कराने तथा अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया, जिससे जनपद में टीबी उन्मूलन प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts