अपहरण के बाद युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल, शव बरामद,

मुजफ्फरनगर। जनपद में एक युवक के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना सिखेड़ा और थाना भोपा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर मृतक का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार मृतक विकसित उर्फ रोकी 18 मई 2026 को घर से ऋषिकेश जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर थाना सिखेड़ा में गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई थी।मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब 30 मई को मृतक के पिता मगन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आशंका जताई कि विकसित की पत्नी रेनू ने अपने पूर्व पति के बेटे बादल, उसकी पत्नी निशा तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके पुत्र का अपहरण कर लिया है और उसके साथ कोई गंभीर घटना घटित की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को  सूचना मिली कि विकसित की हत्या कर उसका शव थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम कादीपुर के जंगल में एक खेत में दबा दिया गया है तथा एक आरोपी सबूत मिटाने की कोशिश में जुटा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सिखेड़ा और थाना भोपा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार खेत पर मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी मोन्टी उर्फ अभि त्यागी पुत्र सुन्दर त्यागी घायल हो गया।पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतक विकसित का शव बरामद कर लिया। मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में थाना सिखेड़ा और थाना भोपा पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts