मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात चेकिंग अभियान के दौरान दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली नगर पुलिस शाहबुद्दीनपुर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भाग निकले और अपनी बाइक मिमलाना जाने वाले मार्ग की ओर मोड़ दी। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं, जिससे सवार सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने गोलीबारी जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा हेतु सूक्ष्म फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश मुकेश ठाकुर पुत्र लल्लू ठाकुर घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक पेटीएम मशीन, एक मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा बदमाशों के पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और बरामद सामान के संबंध में भी जांच जारी है। मामले में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























































