बांदा। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद की पुलिस ने तम्बाकू मुक्त समाज का संकल्प लिया। पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन समेत जिले के सभी थानों में अधिकारियों और कर्मचारियों को तम्बाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन मेविस टॉक ने पुलिस लाइन में मौजूद समस्त पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को तम्बाकू उत्पादों के सेवन और धूम्रपान से दूर रहने के साथ समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को तम्बाकू निषेध की शपथ दिलाई। उन्होंने तम्बाकू से होने वाली कैंसर, हृदय रोग जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला। सभी कार्मिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तम्बाकू मुक्त समाज बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।इसी क्रम में जिले के समस्त थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों में पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। सभी पुलिसकर्मियों ने तम्बाकू-धूम्रपान का सेवन न करने और आम जनता को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।























































