औरैया: जिलाधिकारी ने मिशन ज्योतिर्गमय योजना की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

औरैया जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मिशन ज्योतिर्गमय योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश को सुधारने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विद्यालय में किए गए प्रयासों की जानकारी दी।

28 फरवरी तक बाउंड्री व फर्नीचर कार्य पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों में कराए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और पाया कि कुछ विद्यालयों में बाउंड्री निर्माण अधूरा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने 28 फरवरी तक सभी बाउंड्री निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए खंड विकास अधिकारियों और सचिवों को 28 फरवरी तक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए शौचालय, फर्श, बाउंड्री, फर्नीचर, पंखे जैसी मूलभूत सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में सफाईकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें और सफाई न करने वाले कर्मियों पर कार्यवाही की जाए।

स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश

बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आरओ सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पानी की व्यवस्था बच्चों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संवाद करें शिक्षक

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में सूचना पट्ट लगाया जाए, जिसमें यह उल्लेख हो कि उनके ग्राम पंचायत में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित (ड्रॉप आउट) नहीं है और सभी का नामांकन हो चुका है। साथ ही, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए शिक्षकों को अभिभावकों से संवाद करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और कौशल मूल्यांकन (स्किल मैपिंग) कराने के भी निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि अनुपस्थित सचिवों से स्पष्टीकरण लिया जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामसुमेर गौतम, डीआईओएस/डायट प्राचार्य गंगा सिंह राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, ज्योतिर्गमय विद्यालयों के शिक्षक और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts