मुजफ्फरनगर , आगामी निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन एवं प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिगत मतदान स्थलों के सम्भाजन (पोलिंग स्टेशन रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए गए थे, जिन्हें अब विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।उन्होंने बताया कि जनपद की सभी 06 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों—11 बुढाना, 12 चरथावल, 13 पुरकाजी (अनुसूचित जाति), 14 मुजफ्फरनगर, 15 खतौली तथा 16 मीरापुर—के मतदान स्थलों से जुड़े प्रस्तावों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के कार्यालय पत्र संख्या 920/सीईओ-2-9/2-2025 दिनांक 23 दिसंबर 2025 तथा भारत निर्वाचन आयोग के पत्र संख्या 64/भा.नि.आ./पत्र/टे20/उ.प्र.-111-उ.प्र./2025 (संभाजन) दिनांक 23 दिसंबर 2025 के माध्यम से अनुमोदन प्रदान किया गया है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 में दिए गए उपबंधों के अनुसार मतदान स्थलों, मतदान केंद्रों तथा उनसे संबद्ध मतदान क्षेत्रों अथवा मतदाताओं के समूहों की सूची तैयार कर ली गई है। इस सूची को सर्वसाधारण की जानकारी के लिए प्रकाशित किया जा रहा है, ताकि मतदाता अपने संबंधित मतदान स्थल एवं केंद्र की जानकारी समय रहते प्राप्त कर सकें।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकाशित तालिका में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र 03 मुजफ्फरनगर के अंतर्गत आने वाली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 11 बुढाना, 12 चरथावल, 14 मुजफ्फरनगर तथा 15 खतौली को सम्मिलित किया गया है। वहीं लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र 04 बिजनौर के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 13 पुरकाजी (अनुसूचित जाति) एवं 16 मीरापुर को शामिल किया गया है।प्रशासन का उद्देश्य मतदान स्थलों का ऐसा सुव्यवस्थित सम्भाजन करना है, जिससे मतदाताओं को मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो और मतदान प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराई जा सके। मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक स्थिति, पहुंच की सुविधा तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों का पुनर्संयोजन किया गया है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन करें और अपने मतदान स्थल व मतदान केंद्र से संबंधित जानकारी सुनिश्चित कर लें। यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव देना हो तो वह निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्वाचन कार्यालय में अवगत करा सकता है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।















