सिरोही केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सशस्त्र बलों के सुरक्षा कर्मियों के त्याग, तप और बलिदान के कारण ही आज हम सुरक्षित जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि माइनस 46 डिग्री से लेकर प्लस 46 डिग्री तापमान तक के विषम परिस्थितियों में भी सैनिक अपने जीवन का स्वर्णकाल देश की सेवा में समर्पित कर रहे हैं। श्री शाह गुरुवार को सिरोही के आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज हैडक्वार्टर शांतिवन में आयोजित “सुरक्षा बल के कर्मियों के लिए आंतरिक जागृति के माध्यम से आत्म-सशक्तीकरण” विषयक राष्ट्रीय संवाद के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर सुरक्षा बलों के मन, आत्मा और शरीर को शांति का मार्ग दिखाने के प्रयासों के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्था की सराहना की। श्री शाह ने कहा कि आज के तनावपूर्ण वातावरण में सैनिकों का आंतरिक सशक्तीकरण अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे मानसिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बन सकें। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित विशेष सत्रों और कार्यशालाओं का भी उल्लेख किया गया, जो सैनिकों के आंतरिक बल को जाग्रत करने में सहायक सिद्ध होंगे।

















