औरैया के फफूंद में मिशन समाधान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर राकेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने करोड़ों की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। नायब तहसीलदार अशोक कुमार, कस्बा लेखपाल नागेश चतुर्वेदी और अश्वनी यादव की टीम के साथ एसडीएम कस्बे पहुंचे। टीम ने ककोर मार्ग पर महावीर धाम मंदिर के पास स्थित सरकारी जमीन की नापजोख की। जांच में पाया गया कि गाटा संख्या 1027 की 2 एकड़ 57 डिसिमिल और गाटा संख्या 1026 की 36 डिसिमिल सरकारी बंजर जमीन पर अवैध कब्जा था। एसडीएम ने कब्जा करने वाले किसान को बुलाकर तत्काल जमीन खाली करने का आदेश दिया। राजस्व टीम ने मौके पर नगर पंचायत कर्मियों को बुलाकर जमीन का सीमांकन कराया और खूंटियां लगवाईं। साथ ही जमीन के बीच नगर पंचायत की भूमि का बोर्ड भी लगवाया गया। एसडीएम सदर ने बताया कि लगभग चार एकड़ सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर नगर पंचायत को सौंप दिया गया है।















