मुजफ्फरनगर में अभिषेक सिंह के निर्देशन में सभी थानों पर नियुक्त बाल कल्याण अधिकारियों, बाल कल्याण समिति के अधिकारी/सदस्यों, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक और मिशन शक्ति समन्वयक के साथ पुलिस अधीक्षक अपराध प्रशांत कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक अपराध ने एएचटीयू/एसजेपीयू, किशोर न्याय अधिनियम 2015 एवं संशोधित अधिनियम 2021 और पोक्सो एक्ट 2012 पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को किशोरों के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिनियमों का पूर्ण अनुपालन करने के निर्देश दिए। सहायक बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले बच्चों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। इसके अलावा, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पोक्सो एक्ट 2012 के तहत बाल अपचारियों की जमानत प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई, ताकि जमानत प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।
वन स्टॉप सेंटर में आने वाली किशोरियों और युवतियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अंत में, महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और हेल्पलाइन नंबरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।इस कार्यशाला में थाना प्रभारी एएचटीयू सर्वेश कुमार, एसपीओ, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक, परामर्शदाता, मिशन शक्ति समन्वयक, बाल कल्याण समिति के सदस्य और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।















