मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के आदेशानुसार शामली में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर 18 मार्च 2025 को प्राधिकरण ने चार अलग-अलग स्थानों पर करीब 103 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।

खसरा संख्या 691 और 2613 पर प्रशांत और शमी अहमद द्वारा विकसित लगभग 10 बीघा भूमि, पानीपत बाईपास स्थित ड्रीम सिटी फेज-1 के सामने अमित अग्रवाल, अनुज प्रधान और सन्नी जैन द्वारा विकसित 33 बीघा भूमि, राधा गोविंद कॉलोनी के पीछे एमएसके रोड पर बिजेंद्र सिंह मलिक, विनोद, अजय और श्रीपाल राणा द्वारा विकसित 40 बीघा भूमि तथा करनाल बाईपास पर इकबाल सिद्दीकी द्वारा विकसित 20 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
इन अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भू-स्वामियों द्वारा निर्माण नहीं हटाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कार्यवाही के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया था।















