मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में ईद की खरीदारी कर घर लौट रही एक युवती से पर्स छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आशीष पुत्र दिनेश, निवासी कृष्णापुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से युवती का पर्स, मोबाइल फोन और करीब 610 रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना 11 मार्च की बताई जा रही है। उस दिन फरहा अब्बासी नाम की युवती ईद की खरीदारी कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने अचानक उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद युवती ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक पर्स छीनने के बाद तेजी से भागता हुआ दिखाई दिया। इसी आधार पर आबकारी पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर ने अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को चरथावल बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी आशीष ने बताया कि वह पहले एक मारपीट के मामले में कोर्ट की तारीख पर गया था। वापस लौटते समय रास्ते में उसकी मुलाकात एक दोस्त से हुई। दोनों ने एक-एक बीयर पी। इसके बाद शिव चौक पर उसका दोस्त अलग हो गया, जबकि आशीष पैदल रुड़की रोड की ओर जाने लगा। इसी दौरान उसे रास्ते में फरहा अब्बासी दिखाई दी और अचानक उसके मन में पर्स छीनने का विचार आया। उसने मौके का फायदा उठाकर युवती का पर्स छीन लिया और भाग गया।सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में युवती से पर्स छीनने की घटना सामने आई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। घटना के बाद से इलाके में पुलिस सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।















