मुजफ्फरनगर में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जनपद में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है और सभी जगह पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में दीपक गैस सर्विस (आईओसी) और सरवट इंडेन गैस सर्विस (आईओसी) के कार्यालय और गोदामों का निरीक्षण किया गया, जहां उपभोक्ताओं को जानकारी दी गई कि जनपद में एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक की स्थिति बनाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने और गैस एजेंसी कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील भी की गई। साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कहा गया है। गैस बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का ही उपयोग करने और ऑयल कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ लेने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कभी-कभी तकनीकी कारणों से सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण बुकिंग में समस्या आ सकती है, लेकिन आपूर्ति की स्थिति सामान्य है।
इसके अलावा आनंदपुरी स्थित मॉडर्न सर्विस स्टेशन (आईओसी) पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की जांच की गई, जहां पर्याप्त मात्रा में ईंधन पाया गया। प्रशासन के अनुसार जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के साथ ही घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी अभियान चलाया गया। मेरठ रोड स्थित फूड एंड मूड होटल, देवेंद्र फास्ट फूड और रुड़की रोड पर पंडित जी शुद्ध भोजनालय सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की गई, जहां घरेलू गैस के उपयोग का कोई मामला नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस का प्रयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। निरीक्षण के दौरान रास्ते में मिले गैस एजेंसियों के हॉकर्स से भी पूछताछ की गई और उन्हें नियमानुसार पहचान पत्र रखने तथा सिलेंडर डिलीवरी से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण और अभिलेख साथ रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने जनपद के सभी होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और ठेले-खोमचे संचालकों को चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का उपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और छापेमारी अभियान जारी है। प्रशासन ने आम जनता को एक बार फिर आश्वस्त किया है कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट फैलाने की आवश्यकता नहीं है।
















