मुजफ्फरनगर शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र दाल मंडी में दिनदहाड़े हुई एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना किराना व्यापारी अजय गोयल की दुकान पर हुई, जहां एक शातिर युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और बड़ी ही चालाकी से दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर नकदी और महत्वपूर्ण कागजातों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी ने पहले सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया और सामान खरीदने के बहाने दुकानदार का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद उसने दुकान में ऊपर रखी देशी तेल की शीशी दिखाने को कहा, जिससे दुकानदार अजय गोयल उसे उतारने के लिए पीछे मुड़े और झुक गए। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए काउंटर के पास रखा बैग उठाया और तेजी से वहां से भाग निकला।इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि आरोपी भागने की हड़बड़ी में अपनी चप्पलें दुकान पर ही छोड़ गया और नीचे रखी दुकानदार की चप्पलें पहनकर फरार हो गया। शोर मचने पर आसपास के व्यापारियों ने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वह गलियों में गायब हो गया।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार चोरी हुए बैग में करीब 10 से 15 हजार रुपये की नकदी के अलावा बही–खाता और अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे, जिससे अब उनके सामने व्यापारिक हिसाब–किताब की समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित व्यापारी शिव चौक स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज शशि कपूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। दाल मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह की घटना से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।















