बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र में देर शाम एक सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया। थाना से महज दो किलोमीटर दूर भुरवा नाले के पास जंगल में ग्रामीणों को एक 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। युवक की कनपटी में गोली लगने का निशान मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक हमीरपुर जिले का रहने वाला है। उसके भाई की ससुराल जसपुरा कस्बे के पास ही किसी गांव में है।
पुलिस शव की शिनाख्त करने के लिए आसपास के थानों और स्वजनों से संपर्क कर रही है। शव की शिनाख्त होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।जसपुरा थाना प्रभारी राधा कृष्ण तिवारी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। स्वजनों के आने पर शव की शिनाख्त होगी, जिसके बाद घटना से जुड़ी सभी स्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।














