बांदा। सर्किट हाउस सभागार में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की बड़ी समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल मौजूद रहे। मंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, मृदा स्वास्थ्य, बीज-उर्वरक और किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा की। निर्देश दिया कि हर पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।पीएम-कुसुम योजना में सोलर पंपों का प्रमाण-पत्र जनप्रतिनिधियों से वितरित कराया जाए। विद्युत खंभों पर फेंसिंग का काम जल्द पूरा करने को कहा। बांदा की जलवायु राजस्थान जैसी है,
यहां नई फसलों और बागवानी की बड़ी संभावना है। एकीकृत बागवानी मिशन और ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना का क्लस्टर बनाकर क्रियान्वयन हो। एक सप्ताह में जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाए। नरैनी रोड से बांदा-महोबा रोड, तहसील पैलानी से गलौली मार्ग, सिंधनकल-लसड़ा मार्ग, तुर्रा नाला, श्रेणी-बी विधि विज्ञान प्रयोगशाला और बांदा-बहराइच मार्ग के चौड़ीकरण को समय से पूरा करने के निर्देश। बरसात में टूटी सड़कों की सूची बनाकर मरम्मत और पूर्ण प्रोजेक्टों का जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण कराने को कहा। केन-बेतवा लिंक नहर परियोजना को भी समयसीमा में पूरा करने के निर्देश।सभी गौशालाओं में पाकड़ सहित छायादार पौधों का रोपण और निराश्रित गौवंश की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिये। मंत्री ने एसपी को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाएं। फर्जी रजिस्ट्री रोकने के लिए चौराहों पर होर्डिंग लगाकर जनता को जागरूक करें कि रजिस्ट्री से पहले अभिलेखों की जांच जरूर करें। विरासत के शस्त्र लाइसेंस लंबित न रखे जाएं।रजिस्ट्री कार्यालयों में प्राइवेट व्यक्तियों के काम करने पर रोक लगे। सदर विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा बबेरू मंडी और धान मंडी में बाहरी लोगों द्वारा धर्मकांटा लगाकर घटतौली और अवैध व्यापार की शिकायत पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। एडीएम वित्त एवं राजस्व को मंडी की जांच, अतिक्रमण हटाने और एक अधिकृत कांटा लगाने के निर्देश दिए।























































