मुजफ्फरनगर पुलिस ने 131 खोए मोबाइल किए बरामद, 14 लाख रुपये के फोन असली मालिकों को लौटाए,

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने आमजन के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले तीन महीनों के दौरान 131 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से न केवल मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी लौट आई, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी और मजबूत हुआ।अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के निकट पर्यवेक्षण और सर्विलांस सेल प्रभारी विकास चौधरी के नेतृत्व में सर्विलांस सेल पुलिस टीम ने यह अभियान चलाया। जनपद में नागरिकों के गुम या खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल तथा आधुनिक सर्विलांस तकनीक का उपयोग करते हुए मोबाइल फोन की ट्रेसबिलिटी डिटेल प्राप्त की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद विभिन्न स्थानों से कुल 131 स्मार्टफोन बरामद किए गए।

बरामदगी के बाद सभी मोबाइल फोन की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और मुजफ्फरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और आधुनिक तकनीक के उपयोग से यह संभव हो पाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खोए हुए मोबाइल की सूचना समय पर दर्ज कराना और उसे CEIR पोर्टल पर ब्लॉक कराना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने और उसे बरामद करने में काफी सहायता मिलती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने या ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।मुजफ्फरनगर पुलिस की इस जनहितकारी पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। इस अभियान ने यह साबित किया है कि आधुनिक तकनीक, प्रभावी सर्विलांस और पुलिस की सक्रिय कार्यशैली के माध्यम से लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई जा सकती है। इस सफल कार्रवाई से आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है तथा जनसेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता भी एक बार फिर सामने आई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts