कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का एडीजी ने किया स्थलीय निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिले के कांवड़ मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी नई मंडी, क्षेत्राधिकारी खतौली सहित पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने थाना नई मंडी, मंसूरपुर, खतौली, खालापार और कोतवाली नगर क्षेत्र में आने वाले संपूर्ण कांवड़ मार्ग तथा प्रमुख चौराहों और तिराहों का जायजा लिया। इस दौरान खतौली गंग नहर, बागोवाली कट, भैंसी कट, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, रामपुर तिराहा और राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। विशेष रूप से शिव चौक का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने वहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने आने वाले बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने अधीनस्थ अधिकारियों से संभावित श्रद्धालुओं की संख्या, रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तराखंड पुलिस और संबंधित जनपदों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और संपूर्ण यात्रा सुरक्षित व दुर्घटनारहित रहे। इसके लिए मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, चेतावनी और सांकेतिक बोर्ड स्पष्ट एवं व्यवस्थित रूप से स्थापित किए जाएं तथा यातायात व्यवस्था हर परिस्थिति में सुचारु बनी रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण और सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा निर्बाध आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts