यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। 8 जून से 10 जून 2026 तक दो पालियों में आयोजित हो रही इस महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा निगरानी तंत्र का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था को परखा तथा सुनिश्चित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से हो रही सतत निगरानी तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

प्रशासन द्वारा परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल अधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों की निगरानी, केंद्र परिसर की सुरक्षा तथा आसपास की कानून-व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों और उनके आसपास विशेष सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts