मुजफ्फरनगर में जून माह के राशन वितरण की तिथि 15 जून तक बढ़ी, कार्डधारकों को मिली राहत

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत जून 2026 के लिए पात्र राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरण की अवधि बढ़ा दी गई है। जिला पूर्ति कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य तथा रसद विभाग, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में अब अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक 15 जून 2026 तक अपने निर्धारित उचित दर की दुकानों से निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। पहले यह वितरण 25 मई से 10 जून 2026 तक निर्धारित किया गया था, लेकिन प्रदेश के कई जनपदों में सभी लाभार्थियों तक समय से खाद्यान्न वितरण संभव न होने के कारण शासन ने इसकी समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय की ओर से बताया गया कि आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, लखनऊ के पत्र के अनुसार राशन वितरण की विस्तारित अवधि में लाभार्थियों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित प्रमाणीकरण के जरिए खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त मोबाइल ओटीपी के माध्यम से वितरण की सुविधा भी 15 जून तक जारी रहेगी, जिससे ऐसे कार्डधारकों को भी लाभ मिल सकेगा जिनका आधार प्रमाणीकरण किसी कारणवश नहीं हो पा रहा है। शासन के निर्देशानुसार खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि विस्तारित अवधि के दौरान कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत लाभार्थी किसी भी उचित दर की दुकान से, जहां यह सुविधा उपलब्ध हो, अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिलेगी जो अपने मूल राशन विक्रेता की दुकान से किसी कारणवश खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर पाए हैं या अस्थायी रूप से किसी अन्य स्थान पर रह रहे हैं।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों से अपील की है कि वे 15 जून 2026 तक अपने हिस्से का निःशुल्क खाद्यान्न अवश्य प्राप्त कर लें। साथ ही सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण करें। वितरण प्रक्रिया के दौरान दुकानों पर नियुक्त पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को आवश्यक वस्तुओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे और सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts