जिला कारागार मुजफ्फरनगर में शुरू हुई ‘कैदी वन प्रहरी’ योजना

मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचतत्व संस्था की संस्थापिका एवं ‘वाटर वुमन’ के नाम से प्रसिद्ध सुश्री शिप्रा पाठक ने जिला कारागार, मुजफ्फरनगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार में निरुद्ध बंदियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बंदियों को बताया कि प्रकृति की रक्षा केवल समाज ही नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है और इसमें जेल में रह रहे बंदी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भ्रमण के दौरान सुश्री शिप्रा पाठक ने जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी के साथ मिलकर न्याय के देवता शनि देव को समर्पित ‘शमी’ का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर कारागार परिसर के विभिन्न स्थानों पर भी वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारागार परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना तथा बंदियों को प्रकृति से जोड़ना रहा। वृक्षारोपण के माध्यम से बंदियों को यह संदेश दिया गया कि पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक भी होते हैं।

सुश्री शिप्रा पाठक ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने देश की विभिन्न जेलों में बंदियों से संवाद स्थापित कर “कैदी वन प्रहरी” योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत बंदियों को पौधों के संरक्षण, उनकी देखभाल और हरित वातावरण के निर्माण से जोड़ा जाएगा, जिससे उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि कारागारों में हरित पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी बल्कि बंदियों के मानसिक और सामाजिक पुनर्वास में भी सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने बताया कि उनकी “हरित जेल यात्रा” की शुरुआत गाजियाबाद जेल से हुई थी और इसी क्रम में यह यात्रा आज जिला कारागार, मुजफ्फरनगर पहुंची। कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर जेलर नीरज कुमार श्रीवास्तव, कारागार स्टाफ तथा बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts