मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर और बाजार क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापार बंधुओं की समस्याओं को एक-एक कर सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों से संबंधित जो भी समस्याएं हैं, उन्हें लिखित रूप में उपायुक्त प्रशासन राज्य कर को उपलब्ध कराया जाए ताकि उनका व्यवस्थित और समयबद्ध निस्तारण कराया जा सके। व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, राज्य कर विभाग, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
व्यापारियों ने शहर में जलभराव और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या का मुद्दा भी रखा, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शनिवार और मंगलवार को मंडी गेट क्षेत्र में लगने वाले भारी जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने बताया कि इन दिनों बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है, जिससे व्यापार और आमजन दोनों को परेशानी होती है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तैयार करने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।बैठक में व्यापारियों ने यह भी शिकायत दर्ज कराई कि शहर में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों के स्थलों पर सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाते, जिससे लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पाती कि कार्य किस विभाग द्वारा और किस योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी निर्माण या विकास कार्य के प्रारंभ होने से पूर्व कार्य स्थल पर विभाग, योजना, लागत और कार्य अवधि का स्पष्ट विवरण प्रदर्शित करने वाला बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए।बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर, जिला वनाधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा।























































