मुजफ्फरनगर। जनपद के औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक इकाइयों के समक्ष आने वाली समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि जनपद में उद्योगों के विकास को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत उपकेंद्र से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। नैराना विद्युत सब-स्टेशन की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण और विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए एनएचएआई मेरठ तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नैराना विद्युत उपकेंद्र के सामने स्थित ओवरहेड विद्युत लाइन की शिफ्टिंग के संबंध में अलग से बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठकें आयोजित कर विभाग से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के नोडल अधिकारी को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। वहीं मेरठ रोड पर अन्यत्र खड़े रहने वाले भारी वाहनों से उत्पन्न यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की एनओसी और मानचित्र स्वीकृति से संबंधित मामले में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को सभी विभागों से आख्या प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बीके टाइल्स, मेरठ रोड के निकट स्थित क्षतिग्रस्त लिंक रोड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण का आगणन तैयार कर 15वें वित्त आयोग की वर्ष 2025-26 की संस्तुति के तहत स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जा चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।























































