महात्मा टिकैत की पुण्यतिथि पर किसान भवन सिसौली में उमड़ा जनसैलाब, जल-जंगल-जमीन बचाने का लिया संकल्प

मुजफ्फरनगर स्थित किसान भवन सिसौली में किसान मसीहा महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि को “जल-जंगल-जमीन एवं पर्यावरण बचाओ संकल्प दिवस” के रूप में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से हजारों किसान, सामाजिक कार्यकर्ता, खाप चौधरी और जनप्रतिनिधि सिसौली पहुंचे तथा महात्मा टिकैत के किसान हितों के लिए किए गए संघर्षों, आंदोलनों और सामाजिक एकता के संदेश को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में किसानों के अधिकारों, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा टिकैत ने किसानों को केवल अपने अधिकारों के लिए लड़ना ही नहीं सिखाया, बल्कि समाज में भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने कहा कि आज जल, जंगल और जमीन पर बढ़ते संकट के बीच टिकैत के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री केपी मलिक, पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान, चरथावल विधायक पंकज मलिक, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान और शामली विधायक प्रसन्न चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा विभिन्न खापों के चौधरी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से पहुंचे किसानों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजन के दौरान गांवों की ओर से किसानों और आगंतुकों के लिए भोजन, शरबत और अन्य व्यवस्थाएं की गईं, जिसने भारतीय किसान संस्कृति, अतिथि सत्कार और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम में सरकार और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें किसानों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। सभा का संचालन भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक ने किया, जबकि अध्यक्षता संजय सिंह कालखंडे खाप ने की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों और अतिथियों ने महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षों, सिद्धांतों और किसान हितों की रक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts