मुजफ्फरनगर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 155 वाहनों के चालान.

मुजफ्फरनगर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह एवं यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान मालवीय चौक, अंसारी रोड, घास मंडी, नोवेल्टी चौक और शिव चौक तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। पुलिस टीम ने दुकानदारों, ठेला संचालकों और सड़क किनारे सामान रखने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहन और फैला सामान यातायात बाधित कर रहा था, जिससे लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता था।

अभियान के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 155 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा के लिए हैं और उन पर अतिक्रमण या अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरवासियों ने भी यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नियमित अभियान से जाम की समस्या में कमी आएगी और बाजारों में आवागमन सुगम हो सकेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts