मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं की नई मिसाल, प्रदेश में बना आदर्श मॉडल

मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के नेतृत्व और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया की दूरदर्शी कार्यशैली के चलते स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है। पिछले कुछ वर्षों में जनपद ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आधुनिक व्यवस्थाओं को लागू करने में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। राष्ट्रीय टीकाकरण मिशन के तहत शून्य से एक वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण में 100.41 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है, जबकि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत संस्थागत प्रसव का प्रतिशत 90.56 तक पहुंच गया है, जो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को दर्शाता है।

परिवार नियोजन कार्यक्रम में भी जनपद ने प्रभावी कार्य किया है। 2186 महिला नसबंदी और 67 पुरुष नसबंदी के साथ एनएसवी कार्यक्रम में विशेष उपलब्धियां दर्ज की गईं। डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा स्वयं 26 पुरुष नसबंदी सफलतापूर्वक कराना उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 7 लाख 26 हजार से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं, जिससे पात्र परिवारों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। वहीं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निश्चित पोषण योजना में 103 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर जनपद ने सराहनीय कार्य किया है।

गुणवत्ता सुधार की दिशा में जिला चिकित्सालय का एनक्यूएएस असेसमेंट सफलतापूर्वक कराया गया है। कई प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन भी पूरा हो चुका है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सुदृढ़ीकरण, “बालिका उपवन” जैसी नवाचार पहल, एफआरयू सेवाओं के विस्तार, सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे जैसी सुविधाओं की उपलब्धता ने स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती दी है। वर्ष 2025 में भारत सरकार की कॉमन रिव्यू मिशन टीम ने भी जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सराहना की थी। इसके अलावा आईएमए चिकित्सकों की निःशुल्क ओपीडी सेवा, पोर्टेबल एक्स-रे कैंप और एसटीईएमआई कार्यक्रम के माध्यम से हृदय रोगियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। लगातार हो रहे इन प्रयासों से मुजफ्फरनगर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts