रामलीला टिल्ला में 17 करोड़ की लागत से बन रहे नाले का मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर में रामलीला टिल्ला क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नाले के कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों का मौके पर गहन परीक्षण किया। नगर विकास विभाग के मंत्री एके शर्मा द्वारा स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर मंत्री ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह नाला क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही उन्होंने नाले से संबंधित सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा को तुरंत दूर किया जाए, जिससे परियोजना समय पर पूरी हो सके।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि उसे टिकाऊ, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार के मूल संकल्प का हिस्सा है। इस अवसर पर भाजपा जिलामहामंत्री सुनील दर्शन, सभासद मनोज वर्मा, अमन तोमर, अमित सुधा, कर्तयांश खटिक, श्रवण मोघा, राधे वर्मा, अनुज पच्चीसिया, मनु प्रिय मजदूर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts