मुठभेड़ में लूट-डकैती का वांछित आरोपी घायल, अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और डकैती के वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक बदमाश नहर पटरी के रास्ते से भागने की फिराक में है, जो लूट और डकैती की घटनाओं में शामिल रहा है।

सूचना के आधार पर थाना बुढ़ाना पुलिस ने गायत्री वाटिका के पास नहर पटरी किनारे सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हो गया।घायल आरोपी की पहचान शाहरूख पठान पुत्र इकबाल निवासी चंधेड़ी रोड, कस्बा व थाना बुढ़ाना के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल 32 बोर के साथ दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, एक अवैध तमंचा 315 बोर के साथ दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था और कई मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts