मुजफ्फरनगर के थाना नईमण्डी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पंजाब प्रांत से वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और क्षेत्राधिकारी नई मण्डी राजू कुमार साव के निर्देशन में थाना प्रभारी नई मण्डी आनन्द देव मिश्र के नेतृत्व में की गई।जानकारी के अनुसार, नईमण्डी थाना पुलिस ड्रीम सिटी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर कट की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों संदिग्धों ने स्कूटी मोड़कर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और कूकड़ा ग्राउंड की ओर भागने लगे।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया। कूकड़ा ग्राउंड पहुंचकर बदमाशों ने फिर से पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाशों ने इसे नजरअंदाज किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तार घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस (315 बोर) बरामद किया गया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंजाब में किसी गंभीर अपराध में वांछित चल रहा था। फिलहाल उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।























































