मुजफ्फरनगर में कोतवाली नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान शातिर बदमाश शिवम उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम दधेडू रजवाहा की पटरी के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह अचानक मोटरसाइकिल मोड़कर खेतों की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर तेज रफ्तार के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शिवम उर्फ मोटा पुत्र मुकेश के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, 400 ग्राम सफेद धातु के आभूषण और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच में सामने आया है कि शिवम उर्फ मोटा ने अपने साथियों के साथ मिलकर 4 अप्रैल 2026 को पिन्ना क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पहले ही पुलिस द्वारा सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब इस आरोपी से पूछताछ कर बाकी नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
















