मुजफ्फरनगर में शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय के भुगतान वितरण और सम्मान के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गोरखपुर स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण था, जिसे जनपद स्तर पर लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानसठ रोड पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से लगभग 1000 शिक्षामित्रों ने भाग लिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि मंच संचालन राजीव कुमार द्वारा किया गया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा को ऐतिहासिक बताया गया, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू है। साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की भी बात कही गई।
वक्ताओं ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं जैसे शौचालय, पेयजल, फर्नीचर, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्रों को बेहतर वातावरण मिल रहा है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, ड्रॉपआउट दर को कम करने और नामांकन बढ़ाने के लिए 1 जुलाई 2026 से स्कूल चलो अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया गया। शिक्षामित्रों से अपील की गई कि वे घर-घर संपर्क कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ें और उन्हें नियमित रूप से साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में स्कूल आने के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विकास खंडों के 10 शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से 18 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को लंच पैकेट भी वितरित किए गए। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और शिक्षामित्रों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।























































