मुजफ्फरनगर। शहर के महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के ग्राउंड में बहुमंजिला और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक भव्य ऑडिटोरियम के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। लंबे समय से शहरवासियों की मांग रहे इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आज अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि यह ऑडिटोरियम करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा और इसका टेंडर पूरा हो चुका है, जल्द ही निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर में बड़े कार्यक्रमों के लिए एक समुचित स्थान की लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह संकल्प लिया गया था कि शहर को एक आधुनिक ऑडिटोरियम की सौगात दी जाए। उन्होंने बताया कि यह परियोजना पूर्व जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगाली, वर्तमान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों से साकार हो पाई है।
मंत्री के अनुसार प्रस्तावित ऑडिटोरियम में 800 लोगों की क्षमता वाला एक विशाल मुख्य हॉल बनाया जाएगा, जिसमें भव्य मंच, आधुनिक लाइटिंग, डार्क रूम और आरामदायक बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा दूसरी मंजिल पर करीब 150 सीटों वाला एक मीटिंग हॉल तथा एक और छोटा हॉल बनाया जाएगा, जहां छोटी बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। ऑडिटोरियम परिसर में लगभग 100 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। साथ ही प्रवेश के लिए दो गेट बनाए जाएंगे, जिनमें एक आर्य समाज रोड की ओर और दूसरा सर्कुलर रोड की ओर होगा। वीआईपी आगमन के लिए अलग गेट की भी व्यवस्था की जाएगी।कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह ऑडिटोरियम प्रशासनिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां सरकारी बैठकों, ग्राम प्रधानों की मीटिंग, विभिन्न विभागों की ट्रेनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राजनीतिक आयोजन, पत्रकारों के कार्यक्रम और सामाजिक संस्थाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे न सिर्फ शहर को एक आधुनिक सुविधा मिलेगी, बल्कि बड़े आयोजनों के लिए बाहर जाने की मजबूरी भी खत्म होगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपने नियम-कायदों और गाइडलाइंस के अनुसार काम करता है।इस मौके पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा, विकास प्राधिकरण के कुंवर बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ऑडिटोरियम मुजफ्फरनगर के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगा और शहर के विकास में नई पहचान जोड़ेगा।















