मुजफ्फरनगर। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट की ओर से पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर शहर के झांसी की रानी चौराहे के समीप भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां टीम पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर कोतवाल बबलू शर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विकास बालियान ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज से भ्रष्टाचार को खत्म करने के साथ-साथ लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
जिलाध्यक्ष विक्की चावला ने कहा कि आज का दिन हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्य के मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट लगातार सामाजिक जागरूकता अभियान चला रहा है, ताकि आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा सके।
कार्यक्रम में विपिन सिंघल, राजकुमार कालरा, संजय मिश्रा, संजय गोस्वामी, नदीम अंसारी, रविकांत, श्रेय मित्तल, सनी अहलूवालिया, प्रवीण कुमार, नितिन बालियान, मुकेश कश्मीरी, अनिल गर्ग, पंकज लूथरा, लोकेंद्र, संजय गुप्ता, राघव मित्तल, शुभम गुप्ता, विशाल गोयल, संजय चावला, अक्षय बालियान सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि बबलू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसी संस्थाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने सभी से कानून का पालन करने, देश की एकता बनाए रखने और संविधान में निहित मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
















