भ्रष्टाचारियों पर मुकदमे एक साल में तय हों, 15 अगस्त व 26 जनवरी को जनप्रतिनिधि लें शपथ: मास्टर विजय सिंह

मुजफ्फरनगर । देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिव चौक स्थित धरना स्थल पर मास्टर विजय सिंह व उनके साथियों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पिछले 30 वर्षों से भ्रष्टाचार और भूमाफियाओं के खिलाफ जारी दुनिया के सबसे लंबे धरने से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखते हुए देश में बढ़ते भ्रष्टाचार, माफियावाद और महंगाई पर गहरी चिंता जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मास्टर विजय सिंह ने कहा कि आज हर स्तर पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हावी होती जा रही है। इसका सबसे ज्यादा असर आम जनता पर पड़ रहा है। गरीब और अमीर के बीच की खाई लगातार बढ़ रही है, जबकि महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन भ्रष्टाचार में लिप्त कुछ लोगों के पकड़े जाने की खबरें तो सामने आती हैं, लेकिन उन्हें क्या सजा हुई, यह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आता, जिससे जनता का भरोसा व्यवस्था से कमजोर हो रहा है।

मास्टर विजय सिंह ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की कि भ्रष्टाचार के मामलों में मुकदमों का निस्तारण एक वर्ष के भीतर अनिवार्य रूप से करने का कानून बनाया जाए, ताकि दोषियों को समय पर सजा मिल सके और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगे। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर नेता, मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी समेत व्यवस्था में बैठे सभी लोग भ्रष्टाचार के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से शपथ लें। इससे नैतिक दबाव बनेगा और समाज में साफ-सुथरी राजनीति व प्रशासन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार देश के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है, जो विकास की गति को रोकता है और आम नागरिक का विश्वास तोड़ता है। जब तक भ्रष्टाचार पर कठोर और त्वरित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक देश की प्रगति अधूरी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर राज ऋषि, रोहित कौशिक, संजीव संगम, छवि एडवोकेट, आसमीन परवीन एडवोकेट, कु आराध्य, नोमान अली, मनोज कुमार, सौरभ सहित कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts