सऊदी अरब में सोमवार को हुआ भीषण बस हादसा पूरे भारत के लिए गहरा सदमा बनकर सामने आया, जब मक्का से मदीना जा रहे 46 भारतीय उमराह यात्रियों की बस एक टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसमें 45 यात्रियों की मौत हो गई। केवल एक व्यक्ति, शोएब, इस हादसे में जीवित बच पाए, लेकिन उनके अपने परिवार के कई सदस्य भी इस त्रासदी में नहीं बच सके। मृतकों में 17 पुरुष, 28 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल थे। सभी यात्री तेलंगाना के हैदराबाद क्षेत्र से थे, जिससे पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सऊदी सरकार मृतकों के परिवारों को मुआवजा देगी। रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, सऊदी अरब में किसी व्यक्ति की मृत्यु दुर्घटना, आग, फैक्टरी हादसे या आपराधिक घटना में होती है, तो परिवार शरिया कोर्ट के माध्यम से मुआवजा पाने का हकदार हो सकता है। इसके लिए परिवार या उनके अधिकृत प्रतिनिधि को कोर्ट में केस दाखिल करना आवश्यक होता है। कोर्ट जांच और सुनवाई के बाद यह तय करता है कि मुआवजा मिलेगा या नहीं और उसकी राशि कितनी होगी। दूतावास इस दौरान परिवारों को कानूनी प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन देता है।
दुर्घटना से जुड़े मामलों में कुछ दस्तावेज बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जिनके बिना मुआवजा मिलना संभव नहीं है। इसमें सबसे पहले लीगल हेयरशिप सर्टिफिकेट (LHC) शामिल है, जिसमें सभी कानूनी वारिसों के पूरे नाम, उम्र और मृतक से संबंध स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। इसके साथ सभी वारिसों द्वारा साइन किया गया पावर ऑफ अटॉर्नी (POA) भी जरूरी है। यदि वारिसों में कोई नाबालिग है, तो लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट भी जोड़ा जाता है। इन सभी दस्तावेजों को भारत में राज्य के गृह विभाग और MEA द्वारा अपोस्टिल कराना पड़ता है, जबकि सऊदी में Ministry of Justice द्वारा अटेस्टेशन आवश्यक होता है। इन औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही शरिया कोर्ट में मुआवजे का दावा किया जा सकता है।
दूसरी ओर, भारत की ओर से भी मदद का ऐलान किया गया है। तेलंगाना सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने नवनियुक्त अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरूद्दीन के नेतृत्व में एक टीम को सऊदी भेजने का निर्णय लिया है, ताकि राहत और पहचान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। कई शव अत्यधिक जल चुके हैं, इसलिए डीएनए टेस्ट के जरिए पहचान की संभावना जताई जा रही है। परिजनों को जानकारी देने और सहायता प्रदान करने के लिए हज हाउस में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। सरकार ने यह भी कहा है कि प्रत्येक मृतक के परिवार के दो सदस्यों को सऊदी भेजने की व्यवस्था की जाएगी ताकि वे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।यह हादसा न सिर्फ एक दर्दनाक मानवीय त्रासदी है, बल्कि विदेश में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर कई सवाल भी खड़े करता है। अभी सबसे बड़ी चुनौती पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और उन्हें आर्थिक, कानूनी और भावनात्मक सहायता उपलब्ध कराना है।















