ऑपरेशन सवेरा के तहत तितावी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। नशे के अंधकार से समाज को मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत तितावी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब पांच किलो डोडा चूर्ण बरामद किया है। यह कार्रवाई जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे सघन अभियान का हिस्सा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश भास्कर की ओर से दी गई फर्द बरामदगी/गिरफ्तारी के आधार पर थाना तितावी पर मुकदमा संख्या 275/25 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियुक्त हसीन पुत्र आशू निवासी ग्राम छतैला थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर तथा आलम पुत्र इकबाल निवासी ग्राम छतैला थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर के विरुद्ध पंजीकृत किया गया है।पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशानुसार मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए समन्वित कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी फुगाना के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। तितावी थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर ग्राम छतैला पुल से हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 20-25 कदम की दूरी पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर अभियुक्त हसीन के पास से 2 किलो 514 ग्राम डोडा चूर्ण तथा अभियुक्त आलम के पास से 2 किलो 148 ग्राम डोडा चूर्ण बरामद हुआ। दोनों अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त हसीन और आलम दोनों ही अभ्यस्त किस्म के अपराधी हैं, जो पूर्व में भी नशे से संबंधित अवैध कारोबार में संलिप्त रहे हैं। इनके विरुद्ध थाना तितावी में आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद डोडा चूर्ण को कब्जे में लेकर अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान की एक बड़ी सफलता है। इस अभियान का उद्देश्य जनपद से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को समाप्त कर समाज के युवाओं को नशे के जाल से मुक्त कराना है।फिलहाल दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है, जिससे उनके नेटवर्क और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts