मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण तथा आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निरंतर विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एण्टी रोमियो टीमों ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।अभियान के दौरान एण्टी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले बाजारों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। टीमों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है ताकि समाज में उनका आत्मविश्वास और सम्मान और अधिक सशक्त हो सके।अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इनमें ट्विटर सेवा, डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 आदि शामिल हैं। इन सेवाओं की जानकारी पंफलेट और हैंडबिल्स के माध्यम से भी वितरित की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।इसके साथ ही एण्टी रोमियो टीमों ने महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महिला-केंद्रित योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रमुख रहीं। टीमों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना है।जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में वे तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। एण्टी रोमियो टीमों ने यह संदेश दिया कि पुलिस प्रशासन हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए तत्पर है। मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार के अभियान लगातार चलाकर समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा का भरोसा और संवेदनशीलता का वातावरण तैयार किया जा रहा है।मिशन शक्ति अभियान का यह चरण न केवल महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि यह समाज में महिला सशक्तिकरण और समानता की भावना को भी प्रोत्साहित कर रहा है। जनपद मुजफ्फरनगर की पुलिस टीमों के सक्रिय प्रयासों से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार तथा समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता है।















