चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 साल में पहली बार सार्वजनिक रूप से हंसते हुए नजर आए हैं। यह दुर्लभ पल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात के दौरान देखने को मिला। व्हाइट हाउस ने इस मुलाकात की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें शी जिनपिंग को मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है। आमतौर पर अपने गंभीर और सख्त स्वभाव के लिए जाने जाने वाले जिनपिंग का यह नया रूप सबका ध्यान खींच रहा है।दरअसल, शी जिनपिंग हाल ही में दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने गिमहे एयर बेस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बेहद अहम रही, क्योंकि इसमें सोयाबीन, फेंटेनिल, खनिजों और उच्च स्तरीय कंप्यूटर चिप्स जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।इसी बैठक के दौरान जिनपिंग को न केवल मुस्कुराते, बल्कि दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्यांग के साथ मजाक करते हुए भी देखा गया। कहा जा रहा है कि APEC सम्मेलन में शी जिनपिंग का यह अलग और सहज अंदाज उनके अब तक के पूरे कार्यकाल की सबसे दिलचस्प झलक साबित हुआ है।
मजाक करते दिखे जिनपिंग
इसी के बाद रॉयटर्स के एक वीडियो के अनुसार, शी को कैमरे में साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यांग के साथ गिफ्ट्स का आदान-प्रदान करते हुए मजाक करते हुए देखा गया. ली ने सबसे पहले शी को गो (Go) खेल के लिए एक लकड़ी की बोर्ड गिफ्ट की. इसके बाद चीनी नेता ने ली और उनकी पत्नी को दो चीन निर्मित जियामी फोन दिए, जिनके डिस्प्ले दक्षिण कोरिया में बने थे, जो सैमसंग और एलजी जैसी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों का घर है.फिर ली ने मजाकिया अंदाज में पूछा: “संचार सुरक्षा कैसी है?” — इस पर कमरे में हंसी फैल गई. शी, जो इस समय हंस रहे थे, उन्होंने जवाब दिया: “आप देख सकते हैं कि कोई बैकडोर है या नहीं.”बैकडोर जोखिम का मतलब है किसी उपयोगकर्ता के डिवाइस तक उनके बिना जानकारी के पहुंचने का एक छुपा हुआ तरीका. इस मुद्दे ने चीन और अन्य देशों के बीच कई आरोप-प्रत्यारोप को जन्म दिया है.
12 साल के शासन में पहली बार ऐसा अंदाज
जिनपिंग का इस दौरान दिखा मजाकिया और हंसने वाला अंदाज 12 साल के शासन में सामने आए उनके अंदाज से काफी अलग है. उन्होंने एक गंभीर रहने वाले राष्ट्रपति की पहचान बनाई है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, जिनपिंग के अमेरिकी और दक्षिण कोरियाई समकक्षों के साथ हंसी-मजाक भरे आदान-प्रदान को दिखाने वाला फुटेज और तस्वीरें देश के दो सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डोउयिन (चीन का टिकटॉक संस्करण) और शियाहोंगशु पर कहीं नहीं मिलीं.















