मुजफ्फरनगर। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल, मंसूरपुर में विज्ञान प्रदर्शनी एवं कला एवं शिल्प गैलरी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, थाना मंसूरपुर के एसएचओ आनंद मिश्रा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय राठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधक संजीव राठी और प्रधानाचार्या तरूणा चौधरी ने मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल का पटका और शाल भेंट कर सम्मान किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया और माहौल को उल्लासमय बना दिया।
विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने नवीनतम वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित विभिन्न प्रकार के मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, जल संरक्षण, अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जुड़े मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्रों ने अपने मॉडल के माध्यम से विज्ञान और नवाचार के प्रति अपनी गहरी समझ और उत्साह का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनी में गौरव सरोहा, आशीष बालियान, रोहन कौशिक और वैशाली का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपनी टीमों के साथ मिलकर उत्कृष्ट कार्य किया।
इसी क्रम में आयोजित कला एवं शिल्प गैलरी में यूकेजी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, क्ले आर्ट, हस्तशिल्प और अन्य रचनात्मक कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों की कलात्मकता और सृजनात्मकता को देखकर आगंतुकों ने उनकी प्रशंसा की। इस प्रदर्शनी में सीमा शर्मा, सरिता शर्मा, सी. एस. त्यागी, इंदु, मीनू और आकांक्षा सहित विद्यालय के सभी अध्यापकों का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को ऐसे कार्यक्रमों के लिए बधाई दी जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधानाचार्या तरूणा चौधरी ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतिभा संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा। पूरे कार्यक्रम का समन्वयन दिनेश कुमार ने किया जबकि संचालन लव राजपूत ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक संजीव राठी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















