मुजफ्फरनगर में आयोजित हो रही पीसीएस-प्री परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, जैमर, बायोमैट्रिक स्कैनर, और मुख्य प्रवेश द्वार पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया, जिसमें पेयजल, शौचालय और मोबाइल- बैग आदि जमा करने की व्यवस्थाएं शामिल थीं। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को रोकने के लिए जैमर की व्यवस्था की गई है।
वहीं, परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की यातायात समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया गया है। जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















